कलेक्टर एवं एसपी ने उप स्वास्थ्य केन्द्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी, शासकीय उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण, लिलौटी में निर्माणाधीन 06 बिस्तर वाले अतिरिक्त वार्ड को 10 दिवस में पूर्ण करने के दिये निर्देश….

कलेक्टर एवं एसपी ने उप स्वास्थ्य केन्द्रों, स्कूलों, आंगनबाड़ी, शासकीय उचित मूल्य दुकान का किया निरीक्षण,
लिलौटी में निर्माणाधीन 06 बिस्तर वाले अतिरिक्त वार्ड को 10 दिवस में पूर्ण करने के दिये निर्देश….

बलरामपुर ,,, अब्दुल रशीद

कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने विकासखण्ड बलरामपुर के विभिन्न उप स्वास्थ्य केन्द्रों, आंगनबाड़ी तथा शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उप स्वास्थ केन्द्र डौरा व लिलौटी का निरीक्षण किया। उप स्वास्थ्य केन्द्र डौरा में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों से स्वास्थ्य केन्द्र में दी जा रही सुविधाओं व समस्याओं तथा प्रतिदिन की ओपीडी, संस्थागत प्रसव के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र के खिड़कियों में जाली लगाने के निर्देश खण्ड चिकित्सा अधिकारी को दिये। इसी प्रकार लिलौटी उप स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्था देखकर कलेक्टर ने प्रसन्नता जाहिर की। लिलौटी उप स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी ने बताया कि स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत् कर्मचारियों के लिए आवास की कमी है, तथा परिसर का समतलीकरण करने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र के बगल में अधुरे निर्माणाधीन बीआरसी भवन को चिकित्सक आवास बनाने के लिए ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी से प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने तथा निर्माणाधीन 06 बिस्तर वाले अतिरिक्त वार्ड को 10 दिवस के अंदर पूर्ण करने के निर्देश संबंधित निर्माण एजेन्सी को दिये।

*कलेक्टर ने किया स्कूलों का निरीक्षण, कक्षा 8वीं के बच्चों को पढ़ाया गणित*

भ्रमण के दौरान कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने पूर्व माध्यमिक शाला डौरा, प्राथमिक शाला हरदीदोहर तथा पूर्व माध्यमिक शाला लिलौटी में अध्ययनरत् छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनके पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। पूर्व माध्यमिक शाला डौरा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर द्वारा कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों से गणित का प्रश्न हल करने को कहा तथा कक्षा के किसी भी विद्यार्थी द्वारा उक्त प्रश्न को हल नहीं करने पर कलेक्टर ने स्कूल के प्रधान पाठक व अध्यापक पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की, कलेक्टर ने बीआरसी व प्रधान पाठक को नोटिस जारी करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये। तत्पश्चात कलेक्टर प्राथमिक शाला हरदीदोहर पहुंचे, स्कूल में बच्चों की दर्ज संख्या एवं कम उपस्थिति होने पर एवं प्रधान पाठक के बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा प्रधानपाठक के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बीईओ एवं बीआरसी से गांव के पालकों से बातचीत कर बच्चों को स्कूल भेजने हेतु प्रेरित करने को कहा, साथ ही स्कूल की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिये।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लिलौटी के निरीक्षण के दौरान कक्षा 6वीं की अंजली ने अंग्रेजी, कक्षा 7वीं की बसंती ने हिन्दी का पाठ पढ़कर कलेक्टर को सुनाया तथा कलेक्टर ने कक्षा 8वीं के बच्चों से गणित के प्रश्न हल करवाए। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को देख कर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से अपने अधिनस्थ कर्मचारियों को स्कूलों का सतत् भ्रमण कर शिक्षा में गुणवत्ता लाने हेतु निर्देशित करने को कहा। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों हेतु गणित एवं अंग्रेजी विषय पर विशेष समर कैम्प लगाने के निर्देश दिये।

*सुपरवाईजर का वेतन वृद्धि रोकने व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने के दिये निर्देश*

कलेक्टर कुन्दन कुमार हरदीदोहर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया तथा बच्चों को दी जाने वाली पौष्टिक आहार व कुपोषित बच्चों के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा नियमित आंगनबाड़ी केन्द्र नहीं खोलने तथा गर्भवती माताओं को रेडी-टू-ईट का वितरण नहीं करने, हितग्राहियों को मातृत्व वंदना का पैसा नहीं देने की शिकायत करने पर कलेक्टर ने आंगनबाड़ी सुपरवाईजर को हटाने तथा एक वेतन वृद्धि रोकने एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के विरूद्ध आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को दिये।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर