राष्ट्रपति पद की उम्मीद्वार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष मे मतदान करने भाजपा अजजा मोर्चा ने मांगा समर्थन……

 

 

* भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री चम्पा देवी पावले व पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा ने की प्रेसवार्ता.

शमरोज खान सूरजपुर

सूरजपुर:-बुधवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर स्थित विश्राम भवन न्यू सर्किट हाउस में भाजपा अजजा मोर्चा ने पत्रकार वार्ता कर एनडीए गठबंधन की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीद्वार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष मे मतदान करने के लिए मांगा समर्थन।

गौरतलब है कि बुधवार को स्थानीय न्यू सर्किट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री व पूर्व संसदीय सचिव चम्पा देवी पावले और पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव में जनजातीय समाज को मिल रहा है सर्वोच्च सम्मान राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जनजातीय समाज की अस्मिता की आवाज है। उनके राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने से सर्वसमाज गौरवान्वित महसूस कर रहा है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के सेवाभाव की प्रतीक श्रीमती मुर्मू राष्ट्रपति उम्मीदवार के तौर पर चुनावी समर में है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस दूरगामी फैसले का जनजाति गौरव समाज की ओर से स्वागत करते है। छत्तीसगढ़ राज्य में 32 प्रतिशत जनजाति समुदाय की आबादी है। इसलिए भी हमारे लिए यह पल सदैव स्मरणीय होगा कि देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था के प्रमुख के रूप में वह समाज से प्रतिनिधि करने वाली पहली जनजाति महिला होंगी। देश की आजादी के बाद यह पहली बार इस तरह का फैसला लिया गया है कि जनजाति समुदाय की प्रतिनिधित्व करने वाली श्रीमती द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी बनाई गई है। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल भी रही हैं उनका कार्यकाल अनुकरणीय व प्रेरणादायी रहा है। श्रीमती मुर्मू संथाल जनजाति का प्रतिनिधित्व करती है। इसके साथ ही उड़ीसा प्रदेश सरकार में मंत्री व संगठन के कई दायित्वों में कार्य करते हुए वे समग्र समाज के हित के लिए सदैव कार्य करती रही हैं। आजादी के इतने वर्षों के बाद भी जनजाति समाज उपेक्षित रहा है जिन्हें समाज के मुख्यधारा में जोड़ने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग से जनजातीय मंत्रालय बनाकर समाज के विकास को नवगति दी है। उसी दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के मजबूती के लिए कार्य कर रहे हैं। देश के 12 करोड़ से ज्यादा जनजाति समाज की आबादी है। इस ऐतिहासिक फैसले से समाज का हर वर्ग बेहद प्रसन्न है और श्रीमती मुर्मू के राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित होने के बाद से ही समाज के हर तरफ उत्साह का वातावरण है। वे सदैव संघर्ष की राह पर चलकर सामाजिक, राजनीतिक सुचिता के लिए कार्य करती रही हैं। हम सबको विश्वास है कि वह देश की भावनाओं के अनुरूप हमेशा कार्य करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के सांसद, विधायकों को श्रीमती मुर्मू के पक्ष में मतदान कर मजबूत राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्ती भूमिका निभाना चाहिए। हम अन्य दलों के विधायक, सांसदों से भी श्रीमती मुर्मू को समर्थन देने की अपील करते हैं।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, जिला महामंत्री राजेश अग्रवाल महलवाला, प्रदेश महामंत्री अजजा मोर्चा सत्यनारायण सिंह, जिला मिडिया प्रभारी शशि तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पुष्पा सिंह, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष कौशल सिंह, जिला प्रभारी आदिवासी मोर्चा राम लखन सिंह, महामंत्री दरोगा सिंह, शहर मंडल अध्यक्ष अजय अग्रवाल, रामविलास सिंह, सुरेश मरकाम, मानिकचंद पोर्ते, शांति सिंह, शशि किरण खेस, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष सरोज साहू, भाजयुमो शहर महामंत्री संस्कार अग्रवाल, प्यारे साहू, विकास साहू मौजूद रहे।