कलेक्टर ने किया आदर्श गौठान सरगड़ी का निरीक्षण, समूह की महिलाओं ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का क्षेत्रीय परम्परा के अनुसार बड़ी ही आत्मीयता के साथ स्वागत किया….

कलेक्टर ने किया आदर्श गौठान सरगड़ी का निरीक्षण,
समूह की महिलाओं ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का क्षेत्रीय परम्परा के अनुसार बड़ी ही आत्मीयता के साथ स्वागत किया….

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने विकासखण्ड बलरामपुर के आदर्श गौठान सरगड़ी का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। गौठान में कार्य कर रही गुलाब स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का क्षेत्रीय परम्परा के अनुसार बड़ी ही आत्मीयता के साथ स्वागत किया। कलेक्टर ने गौठान में मल्टीएक्टिविटी के तहत चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वर्मी टाका का अवलोकन किया तथा समूह की महिलाओं से वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय से हुई आमदनी एवं बाड़ी में लगाये गये सब्जी के उत्पादन के संबंध में जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने गौठान में मल्टीएक्टिविटी के तहत् मुर्गी एवं बकरी शेड तथा मछली पालन हेतु 05 डबरी की मांग की। कलेक्टर ने जनपद पंचायत बलरामपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को तत्काल प्रस्ताव तैयार स्वीकृति हेतु प्राक्कलन प्रस्तुत करने को कहा। इस दौरान कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने तथा घर में पढ़ाई करने के आदत डालने को कहा। पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने समूह की महिलाओं से गांव में शांति व्यवस्था बने रहे इसके लिए घर में शराब बनाना बंद करने का आग्रह किया।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर