भाजपा जिला अध्यक्ष बोले वर्मी कंपोस्ट के नाम पर माटी देकर किसानों को लूट रही कांग्रेस सरकार किसानों के साथ भी किया छल……

 

 

* वर्मी कम्पोस्ट के नाम पर माटी देकर किसानों को लूट रही भूपेश सरकार- बाबूलाल अग्रवाल*

शमरोज खान सूरजपुर

सूरजपुर-छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के आह्वान पर जिले के सभी सोसायटी में किसान मोर्चा द्वारा धरना प्रदर्शन कर राज्य सरकार के खिलाफ हल्ला बोला|आज यहां जिले के रामानुजनगर मंडल के परशुरामपुर सोसायटी में भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने धरना प्रदर्शन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा है कि किसानों से झूठे वादे करके सत्ता में आई कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार कदम कदम पर किसानों के साथ ठगी कर रही है। अब तो वर्मी कम्पोस्ट के नाम से गोबर मिट्टी का मिश्रण बेचकर किसानों को लूटा जा रहा है। किसानों का मसीहा बनने का ढोंग करने वाली भूपेश बघेल सरकार किसानों को खाद के नाम पर मिट्टी बेचकर मुनाफाखोरी और भारी भ्रष्टाचार कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि किसानों को जो वर्मी कम्पोस्ट दिया जा रहा है, उसका वजन 30 किलो बताया जा रहा है, जो तौलने में 23 किलो निकला है। ऊपर से हद यह कि वह गीला भी है। उन्होंने कहा कि हम भूपेश बघेल सरकार से मांग करते हैं कि वर्मी कम्पोस्ट की बाध्यता वाला काला कानून वापस ले।
भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि किसानों के प्रति भूपेश बघेल सरकार की नीयत ठीक नहीं है। इस सरकार की नीति और नीयत दोनों में खोट है। किसानों को अंतर की राशि एकमुश्त देने की बजाय अटका अटकाकर किश्तों में दे रहे हैं और इसे न्याय योजना बताते हैं। यह राजीव गांधी के नाम पर भूपेश बघेल की अन्याय योजना है। जिसमें वे अन्नदाता किसान के हक का पैसा देने में किश्तों का अड़ंगा लगा रहे हैं। उपज एक बार में खरीदी है तो एकमुश्त भुगतान होना चाहिए। किसानों की रकम रुला रुलाकर देना भूपेश बघेल और राहुल गांधी की नजर में न्याय हो सकता है लेकिन किसानों के साथ यह छल कपट ही है।भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि किसानों का धान देर से खरीदा तो बेमौसम बरसात में उनका धान बर्बाद हो गया। राज्य सरकार ने जरा सा भी भीगा धान नहीं खरीदा। फसल चौपट होने से किसान मुआवजे की गुहार लगाते रहे और भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के किसानों का हक प्रियंका गांधी के इशारे पर उत्तर प्रदेश में लुटाते रहे। छत्तीसगढ़ का किसान देख रहा है कि भूपेश बघेल सरकार किस तरह किसानों को प्रताड़ित कर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर कर रही है। अब तो खाद के नाम पर किसानों को गोबर माटी पकड़ाकर लूटमार की हद ही पार कर दी है। कार्यक्रम को भाजपा जिला उपाध्यक्ष भुलन सिंह , जिला मीडिया प्रभारी शशिनाथ तिवारी , किसान मोर्चा जिला महामंत्री कपिल पाण्डेय,पूर्व मंडल अध्यक्ष दीप नारायण सिंह ने भी संबोधित किया| इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष संत साहू ,महामंत्री नारायण विश्वकर्मा ,यशवंत राजवाडे , रामकुमार, शिव राजवाडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे|