केंद्रीय रेल का अंबिकापुर दौरा निरस्त, अब 10 दिन बाद आएंगे, मिल सकती है ये सौगातें,,रंग-रोगन कर तैयार किया गया था रेलवे स्टेशन…..

 

*  14 मई को केंद्रीय रेल मंत्री का अंबिकापुर होना था आगमन, अचानक दौरा निरस्त कर वर्चुअल कार्यक्रम की शुरु हो गई थी तैयारी, फिर पता चला कि वर्चुअल कार्यक्रम में भी वे शामिल नहीं होंगे, अब 10 दिन बाद अंबिकापुर आने का दिया है आश्वासन.

शमरोज खान सूरजपुर

अंबिकापुर.: केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अंबिकापुर दौरा निरस्त हो गया है। वे 13 मई को अंबिकापुर आने वाले थे। दौरा निरस्त होने के बाद 14 मई को ही वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही जा रही थी लेकिन उस पर भी पूर्ण विराम लग गया। बताया जा रहा है कि केन्द्रीय रेल मंत्री का दौरा जरूर निरस्त हुआ है लेकिन उन्होंने 10 दिन बाद यहां आने का आश्वासन दिया है। संभावना जताई जा रही है कि दौरे में आकर वे सरगुजा को रेलवे के क्षेत्र में कुछ बड़ी सौगातें दे सकते हैं।

सबसे अधिक चर्चा अंबिकापुर-नई दिल्ली ट्रेन सुविधा की है, जिसकी घोषणा रेल मंत्री कर सकते हैं। इसके अलावा कोल परिवहन के मद्देनजर एक नई रेल लाइन व अंबिकापुर- रेणुकूट रेल लाइन की स्वीकृति मिल सकती है। वहीं अंबिकापुर- दुर्ग ट्रेन को नागपुर तक चलाए जाने की घोषणा भी हो सकती है।

वर्चुअल कार्यक्रम की तैयारियां हो चुकी थीं शुरू

सरगुजा में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसी बीच १४ मई को केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अंबिकापुर आने का कार्यक्रम तय हुआ था। कार्यक्रम को लेकर खुद केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह भी तैयारियों का जायजा लेने अंबिकापुर पहुंची थीं। इसके बाद से रेल प्रशासन पूरी तैयारी में जुट गया था। लेकिन अचानक गुरुवार को किसी कारण से केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का अंबिकापुर दौरा निरस्त हो गया।

बताया जा रहा था कि 14 मई को केंद्रीय रेल मंत्री वर्चुअल कार्यक्रम में शामिल होंगे। वर्चुअल माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री सरगुजा के लिए अंबिकापुर-नई दिल्ली ट्रेन की सौगात के साथ ही कोल संकट के मद्देनजर एक नई रेल लाइन व अंबिकापुर- रेणुकूट रेल लाइन की स्वीकृति दे सकते हैं। वहीं अंबिकापुर- दुर्ग ट्रेन को नागपुर तक चलाए जाने की घोषणा भी हो सकती है। लेकिन अंत में वर्चुअल कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया।

दिल्ली तक ट्रेन चली तो होगा काफी फायदा

सरगुजा में नई रेल परियोजनाओं के साथ ही यात्री सुविधाओं के लिए राजनीतिक दलों के साथ-साथ विभिन्न संगठनों द्वारा लगातार मांगें की जाती रहीं हैं। अगर अंबिकापुर से दिल्ली के लिए ट्रेन की सौगात मिलती है तो सरगुजा के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन की सुविधा मिलने से व्यापारी, छात्रों के साथ-साथ हर क्षेत्र के लोगों को इसका काफी फायदा मिलेगा।

रंग-रोगन कर तैयार था रेलवे स्टेशन

सरगुजा में 1998 में तत्कालीन रेल मंत्री नीतीश कुमार आए थे। इसके बाद २४ वर्ष बाद किसी केंद्रीय रेल मंत्री का आगमन होने वाला था। इसे लेकर सरगुजा में उत्साह देखा जा रहा था। खुद केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने भी तैयारियों का जायजा लिया था। वहीं रेलवे प्रशासन तैयारी में जुट गया था।

केन्द्रीय रेल मंत्री के दौरे के मद्देनजर अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में रंग-रोगन का काम काफी जोर-शोर से किया जा रहा था। हालांकि रेल मंत्री के दौरान निरस्त होने के बाद भी रेलवे स्टेशन में रंग रोगन व साफ सफाई के काम में कोई कमी नहीं आई।