कलेक्टर ने शिवपुर गौठान, कन्या आश्रम तथा प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास सनावल का किया आकस्मिक निरीक्षण….

कलेक्टर ने शिवपुर गौठान, कन्या आश्रम तथा प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास सनावल का किया आकस्मिक निरीक्षण
स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किये जा रहे वर्मी टाका का किया अवलोकन
समूह द्वारा गौठान में बनाये जा रहे बिजली बल्ब यूनिट का किया निरीक्षण–

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राम कृष्ण साहू ने विकासखण्ड रामचन्द्रपुर के ग्राम पंचायत चिनिया स्थित शिवपुर गौठान एवं कन्या आश्रम तथा प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास सनावल का आकस्मिक निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरुवा, घुरवा, बाड़ी अंतर्गत शिवपुर स्थित गौठान का निरीक्षण किया। इस दौरान गौठान के नोडल अधिकारी ने गौठान में स्व सहायता समूह के द्वारा मल्टीएक्टिविटी के तहत विभिन्न कार्यों के संचालन हेतु की जा रही तैयारी की जानकारी दी। कलेक्टर ने गौठान में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने गायत्री स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किये जा रहे वर्मी टाका का अवलोकन किया तथा समूह की सदस्यों से बेचे गये वर्मी कम्पोस्ट की जानकारी ली। स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि अब तक 343 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय किया गया है। जिससे 1 लाख 43 हजार रूपये की आमदनी हुई है। कलेक्टर ने निर्माणाधीन मुर्गी शेड, मशाला शेड का अवलोकन किया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से दो दिवस के अंदर गौठान में विद्युत आपूर्ति करने के निर्देश दिये। जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से गौठान परिसर में पौधा लगाने को कहा। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे बल्ब यूनिट का अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने गौठान समिति के अध्यक्ष एवं समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए बाड़ी में लगाये गये सब्जी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारी से बाड़ी में सब्जी लगाने हेतु समूह के महिलाओं को हर संभव मदद करने के निर्देश दिये। समूह की महिलाओं ने कलेक्टर से डेयरी संचालन हेतु गाय, मुर्गी एवं बकरी पालन करने की बात रखी। कलेक्टर ने पशुधन विकास विभाग अधिकारी से तत्काल प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर ने गौठान समिति को आने वाले पैसे के आय-व्यय की सही जानकारी रखने को कहा। उन्होंने गौठान समिति द्वारा संधारित की जाने वाली सभी पंजी को पूर्ण करने के निर्देश संबंधित को दिये।

कलेक्टर ने कन्या आश्रम एवं प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिये निर्देश —

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कन्या आश्रम एवं प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास सनवाल में छात्राओं के शयन कक्ष, रसोई घर, परिसर एवं शौचालय का आकस्मिक निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने छात्रावास अधीक्षिका को परिसर की साफ-सफाई रखने तथा पोताई कार्य को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को कन्या आश्रम के पुराने शौचालय को शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिये। आश्रम में पानी की समस्या को देखते हुए कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी से तत्काल परिसर में एक अतिरिक्त हैण्डपम्प खनन के निर्देश दिये। तत्पश्चात् कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास पहुंचे। उन्होंने छात्रावास तक पहुंच मार्ग ठीक नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र पहुंच मार्ग निर्माण करने के निर्देश दिये।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गौतम सिंह, तहसीलदार तोष कुमार सिंह, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मिथलेश पैंकरा, उप संचालक कृषि राजेन्द्र एक्का, उप संचालक पशु बी.पी.सतनामी, सहायक संचालक उद्यान पतराम सिंह, सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर