कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक, लक्ष्य बनाकर समय-सीमा में करें राजस्व प्रकरणों का निराकरण-कलेक्टर

कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक,

लक्ष्य बनाकर समय-सीमा में करें राजस्व प्रकरणों का निराकरण-कलेक्टर

आर.बी.सी. 6-4 के लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह के अन्दर निराकरण करने के दिये निर्देश

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए, राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। उन्होंने राजस्व अधिकारियों से लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति ई-कोर्ट क्रियान्वयन, तथा भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों व मुआवजा भुगतान की जानकारी ली। कलेक्टर ने अविवादित/विवादित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने अ.ज.जा. से विभिन्न पुरुष द्वारा अ.ज.जा. की महिलाओं से विवाह कर अ.ज.जा. महिलाओं के नाम पर अर्जित भूमि की जानकारी गंभीरता से संकलित करने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अविवादित नामांतरण व खाता विभाजन के प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकरण करने तथा विवादित नामांतरण खाता विभाजन के दर्ज प्रकरणों की न्यायालयवार समीक्षा करते हुए एक वर्ष से अधिक लंबित प्रकरणों को लक्ष्य लेकर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने दण्डिका प्रकरणों के निराकरण की जानकारी लेते हुए दण्ड प्रक्रिया संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत लंबित प्रकरणों की समीक्षा की तथा समय-सीमा पर दर्ज प्रकरणों को निराकरण करने को कहा। कलेक्टर ने आर.बी.सी. 6-4 के प्रकरणों की जानकारी लेते हुए 31 दिसम्बर 2022 से पहले जितने भी प्रकरण हैं उन्हें एक सप्ताह के अन्दर प्रस्तुत कर शीघ्र निराकरण की कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने राजस्व अभिलेख कोष्ट में निराकृत प्रकरणों को समय पर जमा करना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में 7500 वर्गफीट भूमि बंटन एवं व्यवस्थापन की जानकारी ली। कलेक्टर ने तहसील राजपुर, बलरामपुर, रामानुजगंज वाड्रफनगर में नक्शा बटांकन में प्रगति लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के दर्ज निराकरण एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति, ई-कोर्ट क्रियान्वयन, मासिक प्रगति रिपोर्ट, धारा 170 (ख) के प्रकरणों के निराकरण की प्रगति, व्यक्तिगत वन अधिकार प्रकरणों की अद्यतन जानकारी, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परंपरागत वन निवासी को भूमि पट्टा देने की प्रगति, अनुविभाग स्तर पर सरलीकरण नियमानुसार वृक्ष कटाई, लोक सेवा केन्द्र की रिपोर्ट, चिटफंड कम्पनी के विरुद्ध की गई कार्यवाही, आर.आर.सी. वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारी से राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, रबी वर्ष 2022-23 प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की अद्यतन प्रगति, रबी 2022-23 के लिए बीज उपलब्धता, भण्डारण एवं वितरण की साप्ताहिक जानकारी, रबी 2022-23 उर्वरक लक्ष्य, भण्डारण एवं वितरण की जानकारी विकासखण्डवार, रबी 2022-23 उर्वरक भंडारण वितरण की जानकारी लेते हुए समय पर कृषकों को उसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर कलेक्टर एस.एस. पैकरा, संयुक्त कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर शशि चौधरी एवं इंदिरा मिश्रा, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर