कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के प्राचार्यों की ली बैठक, अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों के आधार पर की समीक्षा, कहा बेहतर परिणामों के लिये लगाये एक्स्ट्रा क्लास….

कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद हिन्दी व अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के प्राचार्यों की ली बैठक,

अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों के आधार पर की समीक्षा, कहा बेहतर परिणामों के लिये लगाये एक्स्ट्रा क्लास….

विभागीय अधिकारियों को स्कूलों का सतत निरीक्षण करने के दिये निर्देश

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक स्वामी आत्मानंद विद्यालय राजपुर में ली। बैठक में कलेक्टर ने जिले के समस्त विकासखण्डों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये, उन्होंने स्वामी आत्मानंद हिन्दी/अंग्रेजी विद्यालयों के अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणामों के जरीये विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की गहन समीक्षा करते हुए परीक्षा परिणामों को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए बेहतर परीक्षा परिणामों के लिये एक्सट्रा क्लास लेने को कहा। कलेक्टर ने कहा कि स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के प्राचार्य से लेकर भृत्य तक पदस्थ कर्मचारियों की कार्यावधि बगैर मूल्यांकन के नहीं बढ़ेगी, समस्त कर्मचारियों का पुनः मूल्यांकन होगा।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय राजपुर में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण की जानकारी लेते हुए तय समय 01 जनवरी 2023 तक कार्य पूर्ण कर लोकार्पण कराने को कहा। उन्होंने विद्यालयों हेतु क्रय किये गये प्रायोगिक सामग्रियों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए प्रयोगशालाओं में उपलब्ध सामग्रियों का सत्यापन करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने नवीन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय चलगली एवं रामचन्द्रपुर हेतु भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए 20 दिसम्बर तक सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर अध्यापन कार्य संचालित करने को कहा, इसके साथ ही उन्होंने जिले के जरहाडीह, चांदो, बरियों, रेहड़ा व डिण्डो में प्रस्तावित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय हेतु प्रगतिरत कार्यों की जानकारी लेते हुए, उक्त हिन्दी माध्यम विद्यालयों का जल्द से जल्द पंजीयन कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिये। उन्होंने शिक्षा विभाग के समस्त अधिकारियों को जिले के स्कूलों का सतत् निरीक्षण करने एवं स्कूलों में संचालित गतिविधियों की समीक्षा करने को कहा।
कलेक्टर दयाराम के. ने स्वामी आत्मानंद हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार को स्वास्थ्य योद्धा कार्यक्रम आयोजित नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिले के समस्त विद्यालयों में प्रत्येक शनिवार अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य योद्धा कार्यक्रम का आयोजन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यकार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रीता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी के.एल.महिलांगे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास आर.के.शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शशि भूषण चौधरी, सहायक संचालक शिक्षा श्रीमती आशारानी टोप्पो, सहित समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने किया प्रयोगशाला का निरीक्षण
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने राजपुर में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी व हिन्दी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र व जीव विज्ञान प्रयोगशाला पहुंचकर प्रयोगशाला में उपलब्ध प्रायोगिक सामग्रियों का अवलोकन करते हुए प्रयोगशाला शिक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर