न्यूनतम समर्थित मूल्य पर की जाएगी मूंग, उड़द एवं अरहर की खरीदी, किसानों का शत्-प्रतिशत् पंजीयन सुनिश्चित करें – कलेक्टर

न्यूनतम समर्थित मूल्य पर की जाएगी मूंग, उड़द एवं अरहर की खरीदी, किसानों का शत्-प्रतिशत् पंजीयन सुनिश्चित करें – कलेक्टर
खरीफ वर्ष में उडद और अरहर 66 सौ एवं मूंग 7755 रुपये प्रति क्विंटल पर की जाएगी खरीदी

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने जिले में हुई अल्प वर्षा को देखते हुए धान के बदले अन्य फसल लेने वाले कृषकों को लाभान्वित करने हेतु पंजीयन पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि धान के अतिरिक्त अन्य फसलों अरहर, मूंग, उड़द को भी न्यूनतम समर्थित मूल्य पर खरीदी करने का निर्णय लिया है, इसकी जानकारी जिले के प्रत्येक किसानों को मिले यह सुनिश्चित किया जावे ताकि जिले के किसान इससे लाभान्वित हो सके। उड़द एवं मूंग का उपार्जन 17 अक्टूबर 2022 से 16 दिसम्बर 2022 के बीच तथा अरहर का उपार्जन 13 मार्च 2023 से 12 मई 2023 के बीच किया जाएगा। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कृषकों की विकासखण्डवार जानकारी लेते हुए कृषकों का शत्-प्रतिशत् पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने फसल बीमा तथा प्रधानमंत्री ई-केवाईसी की जानकारी ली। इसके साथ ही कलेक्टर ने विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने धान के बदले अन्य फसलों का किसान पोर्टल में एन्ट्री की जानकारी विकासखंडवार लेते हुए दलहन फसल अरहर, मूंग, उड़द बोवाई के क्षेत्राच्छादन की जानकारी ली तथा ऐसे सभी कृषकों का शत्-प्रतिशत पंजीयन कराने एवं उपज की खरीदी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने धान के बदले अन्य फसल लेने वाले ऐसे सभी कृषकों की जानकारी तीन दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से प्रधानमंत्री ई-केवाईसी की प्रगति की सेक्टरवार जानकारी ली तथा ई-केवाईसी कार्य में प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की साथ ही आगामी रबी फसल लेने वाले कृषकों का शत्-प्रतिशत फसल बीमा कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धान के फसलों की बुवाई के क्षेत्राच्छादन की जानकारी लेते हुये सभी अनुविभागीय अधिकारी कृषि तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को त्रुटिरहित गिरदावरी का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर से गिरदावरी कार्य का मिलान तहसील व सेक्टरवार किया जाएगा, जिससे सही गिरदावरी की जानकारी मिल सकेगी। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विकासखंडवार जानकारी ली तथा रकबा के अनुरूप कृषकों का फसल बीमा नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। बैठक में गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुये गोबर खरीदी तथा वर्मी टांका में गोबर भराव की जानकारी ली तथा नियमित रूप से वर्मी टांका में गोबर भराव करने को कहा। कलेक्टर ने आत्मा योजनांतर्गत जिले में संचालित गतिविधियों, फसल प्रदर्शन कार्यक्रम की जानकारी भी ली। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न केन्द्र प्रवर्तित, राज्य पोषित योजनाओं/कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, जैविक खेती मिशन का भौतिक एवं लक्ष्य पूर्ति तथा किसान समृद्धि योजनाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केन्द्र में मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के क्रियान्वयन तथा कृषकों को किए गए मिनी किट वितरण के संबंध में जानकारी ली।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर