गौठान में गोबर की क्वालिटी देख भड़के कलेक्टर, नोडल अधिकारी को शो-कॉज नोटिस जारी, ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिले गोधन न्याय योजना का लाभ – कलेक्टर विजय दयाराम के.

गौठान में गोबर की क्वालिटी देख भड़के कलेक्टर, नोडल अधिकारी को शो-कॉज नोटिस जारी,
ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिले गोधन न्याय योजना का लाभ – कलेक्टर विजय दयाराम के.

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

कलेक्टर विजय दयाराम के. आज विकासखंड राजपुर के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उन्होंने गोपालपुर एवं अमड़ीपारा गौठान का निरीक्षण कर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने गोपालपुर गौठान पहुंचकर गौठान प्रभारी से गोबर खरीदी पंजी का अवलोकन कर खरीदी के स्थिति तथा गोबर विक्रय हेतु पंजीकृत गौ-पालकों की जानकारी ली। उन्होंने गौठान समिति की बैठक लेकर सभी गौ-पालकांे को सक्रिय करते हुए अधिक से अधिक गोबर खरीदी करने के निर्देश दिए ताकि किसानों को समय पर वर्मी कम्पोस्ट उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान कलेक्टर ने संग सहेली स्व-सहायता समूह द्वारा गौठान में तैयार किये जा रहे वर्मी कम्पोस्ट यूनिट का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से अब तक किए गए वर्मी कम्पोस्ट के विक्रय के संबंध में जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने बताया कि अब तक वे 3 लाख 87 हजार का वर्मी कम्पोस्ट बेच चुके हैं तथा इस योजना से उन्हें काफी लाभ प्राप्त हुआ है। कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से बाजार की मांग एवं सीजन के अनुसार सब्जी लगाने को कहा, साथ ही पपीता एवं मुनगा के पौधे लगाने को कहा। उन्होंने गौठान में स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किये जा रहे कुक्कुट पालन का अवलोकन किया तथा इससे प्राप्त आमदनी के बारे में जानकारी ली तथा रोटेशन बनाकर चूजा लाने को कहा। इस दौरान कलेक्टर, वनमंडलाधिकारी व जिला पंचायत सीईओ ने गौठान परिसर में आम का पौधा लगाया।
इसी क्रम में कलेक्टर ने अमड़ीपारा गौठान पहुँच कर समूह की महिलाओं से आज के गोबर खरीदी की जानकारी ली एवं गोबर खरीदी को बढ़ाने के निर्देश गौठान समिति को दिए। गोबर ही गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पशुपालन विभाग के नोडल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए। साथ ही गौठान परिसर में मल्टीएक्टिविटी हेतु बनाये जा रहे शेड को एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए।
इस दौरान वनमण्डलाधिकारी विवेकानन्द झा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती रीता यादव, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शशि चौधरी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत विनोद जायसवाल सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर