गौठानो पर दें विशेष ध्यान, लंबित प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकरण न करने पर होगी कठोर कार्यवाही, शासन की योजनाओं का अंतिम छोर तक के व्यक्ति को पहुचायें लाभ….

गौठानो पर दें विशेष ध्यान, लंबित प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकरण न करने पर होगी कठोर कार्यवाही, शासन की योजनाओं का अंतिम छोर तक के व्यक्ति को पहुचायें लाभ
समय-सीमा की बैठक सम्पन्न
शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की गहन समीक्षा….

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लंबित प्रकरणों को समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बैठक में शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए जिले में स्वीकृत गौठानों में चल रहे निर्माण कार्यों को शीध्र पूर्ण करने तथा सभी गौठानों अधिक से अधिक गोबर खरीदी करने के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में लंबित हाई कोर्ट, सिविल कोर्ट, जन शिकायत पोर्टल, मुख्यमंत्री जनचौपाल, कलेक्टर जनदर्शन, लोक सेवा केन्द्र में लंबित सभी प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों पर सभी संबंधित विभाग को समय पर जवाब दवा प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी से वन अधिकार पट्टा के लंबित प्रकरणों पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों की समस्या के निराकरण हेतु विभाग परामर्शदात्री समिति की बैठक एक सप्ताह में करने के निर्देश दिये और विभाग से सेवानिवृत्त व कार्यरत कर्मचारियों के प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की गहन समीक्षा की। उन्होंने राजस्व व आवर्ती चराई गौठानों में चल रहे निर्माण कार्यों की विकासखण्डवार समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा ग्रामीण एवं शहरी गौठानों में गोबर खरीदी प्रारंभ कर अधिक से अधिक गोबर खरीदी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने गौठानों में निर्मित वर्मी कम्पोस्ट खाद के विक्रय की जानकारी सहकारी समिति के अधिकारी से ली। उन्होंने गौठानों में संचालित मल्टीएक्टिविटी संचालन हेतु कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी एवं पशुपालन विभाग द्वारा बनाये गये कार्ययोजना के संबंध में जानकारी ली। बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से धान के बदले अन्य फसल लेने हेतु की गई तैयारी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से धान के बदले अन्य फसल लेने हेतु कृषकों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने को कहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीता यादव, अपर कलेक्टर एस.एस.पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर एच.एल.गायकवाड़ व आर.एन.पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर