स्टेडियम ग्राउंड में ’’महतारी वंदन योजना’’ अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन…..

 

 

* 2,17,404 महिलाओं के खाते में कुल 20.46 करोड़ की राशि की गई अंतरित*

शमरोज खान सूरजपुर

सूरजपुर/ चेहरे पर मुस्कान लिए स्टेडियम ग्राउंड सूरजपुर में एक बड़ी तादाद में महिलाएं देश के प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करने के लिए इंतजार कर रही थी। 08 मार्च जहां अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया गया वहीं आज 10 मार्च का दिन भी महिलाओं को समर्पित रहा। ’’महतारी वंदन योजना’’ के माध्यम से आज जिले कि 21740 महिलाओं के खाते में 01 हजार रुपये की कुल 20.46 करोड़ की राशि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा सिंगल क्लिक कर अंतरित की गई। इस अवसर पर जिले की महिलाओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद किया। यह वह क्षण था जब जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थल स्टेडियम ग्राउंड सूरजपुर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

छत्तीसगढ़ महतारी योजना अंतर्गत 1000 की राशि प्राप्त करने वाली महिलाओं में श्रीमती सोनामती राजवाड़े, श्रीमती उमेश्वरी सिंह इत्यादि महिलाएं कार्यक्रम स्थल में शामिल थी। जिन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए इस योजना को महिलाओं के समृद्धि के दृष्टिकोण से अहम बताया। उन्होंने बताया इससे ना केवल उनके आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा बल्कि इसकी राशि का वो सकारात्मक उपयोग करके अपने बेहतर भविष्य का निर्माण करेंगें।
प्रेमनगर विधायक श्री भूलन सिंह मराबी ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को महतारी वंदन योजना के शुभारंभ पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बटन दबाते ही जो राशि सूरजपुर जिले की महिलाओं के खाते में आया है, निस्संदेह इससे उनके जीवन में एक बड़ा बदलाव आएगा। हमारे जिले की बहनें व माताओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में यह एक अभिनव पहल है। उन्होंने आगे कहा महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए इसके लिए हमारे राज्य व केन्द्र की सरकार प्रतिबद्ध है और आगे भी इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के अंतर्गत बाल विवाह रोकथाम के लिए उपस्थित जनों को संकल्प भी दिलवाया ताकि सूरजपुर में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को पूर्ण रूप से समाप्त किया जा सके।

कलेक्टर  रोहित व्यास ने भी महतारी वंदन योजना के शुभारंभ पर कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा महतारी वंदन योजना की पहली किस्त आज जारी हुई है जो कि महिलाओं की आर्थिक समृद्धि में अहम भूमिका अदा करेगी। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि यह योजना आगे भी सतत रूप से जारी रहेगी। जिससे कि निकट भविष्य में पात्र महिला हितग्राही इस योजना से जुड़ती जायेंगी। इसके साथ ही उन्होंने आज शुभारंभ हुई बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के संबंध में भी उपस्थित जनों के बीच अपनी बात रखी जिसमें उन्होंने बताया कि यह एक गंभीर विषय है जिसमें जिला प्रशासन को जिले वासियों की सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि इसके लिए जिला प्रशासन लगातार जागरूकता अभियान चलायेगा और बाल विवाह को नग्णय करने की दिशा में जिला प्रशासन प्रत्येक संभव प्रयास करेगा।
इसके साथ ही विकासखंड स्तर पर भी महतारी वंदन योजना कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसके तहत जिले में जिले में जनपद पंचायत ओड़गी, जनपद पंचायत रामानुजनगर, जनपद पंचायत भैयाथान, जनपद पंचायत प्रतापपुर, नगरी निकाय भटगांव और नगरी निकाय जरही में महतारी वंदन योजना अंतर्गत सफल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में  राम कृपाल साहू,  शशिकांत गर्ग,  ओम प्रकाश,  अजय अग्रवाल,  संदीप अग्रवाल,  दीपेंद्र चौहान, श्रीमती सुमन सिंह (जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती शांति सिंह व अन्य जनप्रतिनिधि, अपर कलेक्टर श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, महिला एवं बाल विकास जिला कार्यक्रम अधिकारी  चंद्रबेश सिंह सिसोदिया व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।