कलेक्टर ने प्रदाय किया वन मंडल अधिकारी कार्यालय में पुताई हेतु डेढ़ सौ लीटर गोबर का डिस्टेंपर पेंट……

 

 

 

* केशवनगर में रीपा अंतर्गत भवानी महिला क्लस्टर संगठन द्वारा
किया जा रहा गोबर से प्राकृतिक पेंट का निर्माण.

* एक दिन में हुआ 32000 रुपये के गोबर पेंट की बिक्री.

* कलेक्टर ने सभी शासकीय भवनों में गोबर से निर्मित
प्राकृतिक पेंट से पुताई करने के दिए निर्देश.

शमरोज खान सूरजपुर

सूरजपुर/ छत्तीसगढ़ शासन के मंशा अनुरूप कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा के निर्देशानुसार और मुख्य मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सूरजपुर सुश्री लीना कोसाम के मार्गदर्शन में जिले में विभिन्न शासकीय कार्यालयों की रंगाई पुताई का कार्य गोबर से निर्मित प्राकृतिक पेंट से प्रारंभ किया जा चुका है ।

आज 3 मार्च 2023 को जिला वन मंडल अधिकारी कार्यालय में पुताई हेतु डेढ़ सौ लीटर का डिस्टेंपर पेंट खुद कलेक्टर सुश्री आरा ने सूरजपुर जिले के वन मंडल अधिकारी संजय यादव को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रदान किया। इसी तरह जिला रोजगार एवं स्वरोजगार केंद्र सूरजपुर में भी पुताई हेतु 80 लीटर पेंट प्रदान किया गया। जिले के सूरजपुर विकासखंड अंतर्गत केशवनगर रीपा में गोबर से प्राकृतिक पेंट का निर्माण भवानी महिला क्लस्टर संगठन द्वारा किया जा रहा है। आज तक जिले में 800 लीटर पेंट का निर्माण किया जा चुका है और 230 लीटर अर्थात 32000 रूपये के पेंट की बिक्री आज एक दिन में की गई ।डीएफओ संजय यादव ने कलेक्टर और प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया।

कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में सभी विभाग प्रमुखों को गोबर पेंट उपयोग के निर्देश दिए हैं। विभागों से प्राप्त मांग पत्र के अनुरूप प्राकृतिक पेंट इकाई केशव नगर रीपा द्वारा विभिन्न मात्रा एवं रंगों में निरंतर पेंट का निर्माण किया जा रहा है। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर डॉ. आकांक्षा त्रिपाठी, एनआरए एम टीम से मनीष सिंहा सुनील शर्मा ,ज्ञानेंद्र सिंह, श्री मिश्रा एवं जिला एवं ब्लॉक स्तर के एनआरएलएम एवं एसबीएम की टीम उपस्थित रहे।