धान खरीदी की तैयारी देखने कलेक्टर पहुंचे धान खरीदी केन्द्र बरदर व महाराजगंज, सीमांत किसानों से पहले धान खरीदी करने के दिये निर्देश….

धान खरीदी की तैयारी देखने कलेक्टर पहुंचे धान खरीदी केन्द्र बरदर व महाराजगंज,
सीमांत किसानों से पहले धान खरीदी करने के दिये निर्देश…..

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर 1 नवम्बर से धान खरीदी की जानी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खरीदी पूर्व तैयारियों का जायजा लेने विकासखण्ड बलरामपुर के धान खरीदी केन्द्र बरदर व महाराजगंज का निरीक्षण किया, उन्होंने धान खरीदी के पूर्व केन्द्र में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर विजय दयाराम के. उपार्जन केन्द्र बरदर पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने समिति प्रबंधक से समिति के अंतर्गत आने वाले गांवों तथा किसानों की संख्या की जानकारी ली तथा जिन गावों में धान बेचने वाले पंजीकृत किसानों की संख्या कम है ऐसे गांवों को एक साथ मिलाकर पहले लघु व सीमान्त किसानों से धान खरीदी करने को कहा। उन्होंने पीडीएस बारदाने व नवीन बारदाने की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यकतानुसार पर्याप्त बारदाने संग्रहित करने, कटे-फटे बारदाने को अलग करने व बारदाने को ढ़ंककर सुरक्षित रखने के निर्देश दिये। इस दौरान कलेक्टर विजय दयाराम के. ने आदिम जाति सहकारी समिति कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पटवारी से रकबे की जानकारी लेते हुए समिति के अंतर्गत नये पंजीयन फार्म का मिलान पांचसाला से किया तथा प्रविष्टि गलत होने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिये, तत्पश्चात धान खरीदी केन्द्र महाराजगंज पहुंचकर उन्होंने पटवारी से रकबा मिलाकर फसल प्रविष्टि की जानकारी ली। प्रविष्टि का मिलान नहीं होने पर तत्काल सुधार करने के निर्देश दिये। उन्होंने धान खरीदी स्थल का निरीक्षण करते हुए धान खरीदी केन्द्र में समुचित व्यवस्था करने के निर्देश समिति प्रबंधक को दिये। उन्होंने समिति प्रबंधक से कहा कि समिति के अंतर्गत पंजीकृत किसानों से ही धान खरीदी करें तथा उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखें। कलेक्टर ने कहा कि धान बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े यह भी सुनिश्चित कर लें।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भरत कौशिक, उप संचालक कृषि प्रदीप एक्का, जिला खाद्य अधिकारी शिवेन्द्र काम्ठे, प्रभारी तहसीलदार श्रीमती संगीता साय, क्षेत्र के राजस्व निरीक्षक, पटवारी तथा कृषक उपस्थित थे।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर