अल्प वर्षा से निर्मित हुई स्थिति का आंकलन करने पहुंचे संचालक कृषि, कृषकों को धान के बदले अन्य फसल लेने के लिए करें प्रोत्साहित:-डॉ. तम्बोली

अल्प वर्षा से निर्मित हुई स्थिति का आंकलन करने पहुंचे संचालक कृषि,
कृषकों को धान के बदले अन्य फसल लेने के लिए करें प्रोत्साहित:-डॉ. तम्बोली
मदनेश्वरपुर व परसागुड़ी गौठान का किया निरीक्षण, कहा मल्टिएक्टिविटी के तहत् महिला समूहों को दो-तीन प्रकार के गतिविधियों से जोड़े
बलरामपुर -: अब्दुल रशीद
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरगुजा संभाग में अल्प वर्षा की स्थिति को देखते हुए सूखा ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है, इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नजरी आंकलन करने के निर्देश दिये हैं। इसी कड़ी में आज जिले के एक दिवसीय दौरे पर कृषि विभाग के संचालक व गोधन न्याय योजना के विशेष सचिव डॉ. अय्याज फकीर भाई तम्बोली तथा कृषि विभाग की उप सचिव श्रीमती तुलिका प्रजापति पहुंचे थे। उन्होंने प्रवास के दौरान विकासखण्ड राजपुर के ग्राम मदनेश्वरपुर एवं परसागुड़ी गौठान का निरीक्षण किया तथा गौठान में आये हुए किसानों से चर्चा करते हुए अल्प वर्षा से निर्मित स्थिति का आंकलन किया। डॉ. तम्बोली ने दोनों गौठानों में मल्टीएक्टिविटी के तहत् रोजगार प्राप्त कर रही स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की।
कृषि विभाग के संचालक एवं गोधन न्याय योजना के विशेष सचिव डॉ. अय्याज फकीर भाई तम्बोली ने विकासखण्ड राजपुर के मदनेश्वरपुर गौठान का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने गौठान में मौजूद कृषकों से चर्चा की, किसानों ने बताया कि पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण धान की खेती नहीं कर पा रहे हैं। जिसके बाद कृषि विभाग के संचालक डॉ. तम्बोली ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कृषकों को धान के बदले अन्य फसल लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने मदनेश्वरपुर गौठान में मल्टिएक्टिविटी के तहत् कार्य कर रही महिला समूह की महिलाओं से चर्चा की, तथा गौठान में गोबर खरीदी की जानकारी लेते हुए प्रत्येक दिन की खरीदी की  जानकारी ली। गोधन न्याय योजना के विशेष सचिव डॉ. ताम्बोली को समूह की महिलाओं ने बताया कि वर्मी खाद के विक्रय से उन्हें 1 लाख रूपए का लाभ प्राप्त हुआ है, इसके साथ ही 200 रूपये प्रति किलो के दर से 1 क्विंटल केचुएं का भी विक्रय किया गया है। गौठान के निरीक्षण के दौरान उन्होंन गौठान में सामुदायिक बाड़ी, सरसों तेल यूनिट व एलईडी बल्ब यूनिट का अवलोकन किया। डॉ. तम्बोली ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मल्टिएक्टिविटी के तहत् समूह की महिलाओं को दो-तीन प्रकार के गतिविधियों से जोड़कर रखें, जिससे उन्हें सतत् रोजगार मिलता रहे। इसी प्रकार परसागुड़ी गौठान के निरीक्षण के दौरान विशेष सचिव डॉ तम्बोली ने गोबर खरीदी, गौमूत्र की खरीदी तथा मल्टिएक्टिविटी के तहत् संचालित गतिविधियों के संबंध में महिला समूह की महिलाओं से चर्चा कर जानकारी ली, इस दौरान समूह की महिलाओं ने मशरूम उत्पादन हेतु पक्का शेड निर्माण करने की मांग रखी, जिस पर विशेष सचिव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
कृषि विभाग के संचालक डॉ. अय्याज फकीरभाई तंबोली एवं कृषि विभाग के उप सचिव श्रीमती तुलिका प्रजापति ने नरवा योजना अंतगर्त ग्राम चरगड़ नाला में निर्मित चेक डेम का अवलोकन किया। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से नाले की लंबाई तथा उक्त क्षेत्र में ऐसे कितने चेक डैम निर्मित किये गये हैं, तथा चेक डैम के निर्माण से कितने कृषक लाभान्वित हो रहे हैं इस संबंध में जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर विजय दयाराम के., वनमण्डलाधिकारी विवेकानन्द झा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन श्रीमती रीता यादव, कृषि विभाग के उप संचालक प्रदीप एक्का, पशुपालन विभाग के उप संचालक बी.पी.सतनामी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शशि चौधरी, मनरेगा के जिला स्तरीय अधिकारी सहित विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला प्रतिनिधि बलरामपुर