कलेक्टर विजय दयाराम के.की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक सम्पन्न, स्वीकृत गौठानों के लिए राजस्व की भूमि को दें प्राथमिकता -कलेक्टर हरेली तिहार मनाने रूप-रेखा तय….

कलेक्टर विजय दयाराम के.की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक सम्पन्न,
स्वीकृत गौठानों के लिए राजस्व की भूमि को दें प्राथमिकता -कलेक्टर
हरेली तिहार मनाने रूप-रेखा तय….

बलरामपुर :- अब्दुल रशीद

संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए निर्माण हेतु शेष बचे गौठानों का स्थल चयन एक सप्ताह के अंदर करने के निर्देश दिये। उन्होंने गौठान हेतु राजस्व की जमीन को प्राथमिकता से लेने को कहा। कलेक्टर ने 28 जुलाई को होने वाले हरेली त्यौहार एवं 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के तैयारी हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की गहन समीक्षा करते हुए जिले में शेष बचे गौठानों का स्थल चयन एक सप्ताह के अंदर करने के निर्देश दिये। उन्होंने गौठान हेतु राजस्व की जमीन को प्राथमिकता से लेने को कहा। कलेक्टर ने जहां भी गौठान हेतु जमीन विवाद है वहां राजस्व विभाग की टीम गठित कर निराकरण करने की बात कही। उन्होंने सभी नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से गोबर खरीदी का सतत् मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सहकारी बैंक के अधिकारी से गोबर खरीदी के लंबित भुगतानों को तत्काल भुगतान करने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत् गौठानों में चल रहे शेड निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने गौठानों में संचालित सभी मल्टीएक्टिविटी का संचालन सुचारू रूप से करने के निर्देश दिये।
बैठक में 28 जुलाई को होने वाले हरेली त्यौहार की तैयारी के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि ताम्बेश्वरनगर गौठान में जिला स्तरीय हरेली त्यौहार का आयोजन किया जायेगा। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी से अधिनस्थ कर्मचारियों को छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्टॉल लगाने को कहा। उन्होंने विकासखण्ड स्तर एवं गौठानों में हरेली त्यौहार मनाने हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विकासखण्ड स्तर के अधिकारी को दिये।
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों में हाई कोर्ट, सिविल कोर्ट, जन शिकायत पोर्टल, मुख्यमंत्री जनचौपाल, कलेक्टर जनदर्शन, भू-अर्जन से संबंधित, लोक सेवा केन्द्र में लंबित सभी प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना हेतु कुम्हारों के लिए जमीन चिन्हांकित करने को कहा। उन्होंने नगरीय निकाय में संचालित श्री धन्वंतरी मेडिकल स्टोर में दवाई विक्रय की स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारी से ली। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि से किसान सम्मान निधि हेतु कृषकों का ऑनलाईन एण्ट्री की जानकारी लेते हुए शत्-प्रतिशत कृषकों को किसान सम्मान निधि से जोड़ने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने जिला विपणन अधिकारी से खाद की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए सभी समिति प्रबंधकों को राजपुर-झिंगों में स्थित डबल लॉक गोदाम से खाद का उठाव कराने के निर्देश दिये। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से नवीन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल डौरा, चलगली व रामचन्द्रपुर में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकार जिला पंचायत श्रीमती रीता यादव ने हर घर तिरंगा कैंपेन के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 13 अगस्त से 15 अगस्त 2022 तक हर घर तिरंगा कैंपेन का आयोजन किया जाना है। इस कैंपेन में समस्त शासकीय/अशासकीय संस्थानों, संघ/संगठनों तथा प्रत्येक व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा। श्रीमती रीता यादव ने जानकारी दी कि इस कैंपेन हेतु जिले के स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्धारित मापदण्डों एवं उचित गुणवत्ता के अनुसार तिरंगा झण्डे का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्य हेतु एनआरएलएम के डीपीएम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
बैठक में अपर कलेक्टर एस.एस.पैकरा, संयुक्त कलेक्टर एच.एल.गायकवाड़, आर.एन.पाण्डेय, सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सर्व जिला स्तरीय अधिकारी, सर्व जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रतिनिधि बलरामपुर