राम वनगमन पथ से जुड़ेगी तातापानी स्थित रामचौरा पहाड़ – मुख्यमंत्री  गौरलाटा बनेगा जिले का मशहूर पर्यटन स्थल, तातापानी महोत्सव को मिलेगा ट्रस्ट का दर्जा, महान विभूतियों की प्रतिमाएं होंगी चौराहों पर स्थापित, मकर संक्रांति के अवसर पर तातापानी महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल….

राम वनगमन पथ से जुड़ेगी तातापानी स्थित रामचौरा पहाड़ – मुख्यमंत्री 
गौरलाटा बनेगा जिले का मशहूर पर्यटन स्थल,
तातापानी महोत्सव को मिलेगा ट्रस्ट का दर्जा,
महान विभूतियों की प्रतिमाएं होंगी चौराहों पर स्थापित,
मकर संक्रांति के अवसर पर तातापानी महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल….
बलरामपुर ,,, अब्दुल रशीद
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तातापानी महोत्सव में शामिल हुए, उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति और तातापानी महोत्सव के आयोजन के लिए  बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बलरामपुर रामानुजगंज जिले की जनता को 1003 करोड़ रूपए के 1707 विकास कार्यों की सौगात देते हुए कहा कि तातापानी महोत्सव बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ का भी गौरव है।
*तातापानी को राम वनगमन परिपथ से जोड़ने की घोषणा*
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तातापानी के एतिहासिक महत्व और स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए तातापानी रामचौरा पहाड़ को राम वनगमन पथ से जोड़ने की घोषणा की, उन्होंने कहा कि इस समय प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का काम जोरशोर से चल रहा है, तथा अब तक प्रदेश में 97 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी की जा चुकी है, और इसके एवज में इस वर्ष अभी तक 20 हजार करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना खरीदी के साथ ही मिलेट मिशन 2023 रागी, कोदो, कुटकी के उत्पादन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही रागी के विभिन्न व्यंजनों को बनाने का कार्य किया जा रहा है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़े चौक-चौराहों पर महान विभूतियों की प्रतिमाएं स्थापित करने की अनुमति प्रदान की और इसके लिए स्थानीय विधायक को जिम्मेदारी दी, इसमें बलरामपुर के कलेक्टोरेट चौक में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, रामानुजगंज के शास्त्री चौक में परशुराम एवं पहाड़ी मंदिर चौक में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की जानी है।
*विशेष संरक्षित पिछड़ी जनजातियों ने किया मुख्यमंत्री का सम्मान*
विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए योजनाओं का निर्माण और इसका लाभ सभी तक पहुंचाने के लिए सरगुजा संभाग में रहने वाली विशेष पिछड़ी जनजातियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान किया तथा सम्मान किए जाने पर श्री भूपेश बघेल भाव विभोर हुए और इस सम्मान के लिए  मुख्यमंत्री ने उनको धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान सूर्य आज से उत्तरायण हो रहे हैं और मैं भगवान सूर्य से प्रार्थना करता हूं कि छत्तीसगढ़ प्रदेश की सुख.समृद्धि ऐसे ही दिन दोगुनी रात चौगुनी बढ़ती रहे।
           *तातापानी में मुख्यमंत्री की घोषणाएं*
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर बड़ी घोषणाएं करते हुए 25 करोड़ रूपए की लागत से कुसमी लावा जलाशय योजना का निर्माण, 30 करोड़ की लागत से भूमका व्यपर्तन योजना का निर्माण, कुसमी में व्यवहार न्यायालय की स्थापना, चांदो में सहकारी बैंक की शाखा खोलने व गौरलाटा को पर्यटक केंद्र के रूप विकसित करने, नगर पंचायत कुसमी में गौरव पथ निर्माण, तातापानी महोत्सव को ट्रस्ट बनाने, बलरामपुर में गौरव पथ के निर्माण, परसपाल से चलगली, चलगली से भगवानपुर होते हुए मोरन, जनक मोड़ से रामनगर तक सड़क निर्माण कराने की  घोषणा की।
*मुख्यमंत्री ने किया  एक हजार करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्याय व लोकार्पण*
मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने शनिवार को तातापानी महोत्सव के अवसर पर  करीब एक हजार तीन करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया, जिसमे रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र में 284 विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 446 विकास कार्यों का लोकार्पण, सामरी विधानसभा क्षेत्र में 777 विकास कार्यों का शिलान्यास तथा 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में 46 विकास कार्यों का शिलान्यास व 138 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान किये गये 20 घोषणाओं तथा 03 निर्देशों का शिलान्यास एवं सामरी विधानसभा क्षेत्र में विद्युत विभाग के दो घोषणाओ के कार्यों का लोकार्पण किया।
*मुख्यमंत्री ने तपेश्वर महादेव मंदिर में  पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद*
मुख्यमंत्री  भूपेश बघेल ने आज तातापानी स्थित तपेश्वर महादेव मंदिर में महादेव की पूजा- अर्चना कर प्रदेशवासियों की समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने के पश्चात् तपेश्वर महादेव के विशाल प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। मुख्यमंत्री  मकर संक्रांति पर संक्रांति परब तातापानी महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर तातापानी पहुंचे थे।
              *पतंगबाजी का लिया आनन्द*
मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वामी आत्मानन्द स्कूल के बच्चो के साथ चकरी एवं मांझा थाम कर पतंगबाजी का आनन्द लिया। उन्होंने कहा कि मैंने करीब 14 वर्ष बाद मांझा थामा है और पतंग उड़ाने से एक अलग ही अनुभूति मिलती है।
     *चारपाई में बैठकर तिलकुट का उठाया लुत्फ*
मुख्यमंत्री ने मंदिर प्रांगण में चारपाई पर बैठकर तिलकुट और तिल के लड्डू का लुत्फ उठाया। ऐसी मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन स्नान, दान  के साथ  तिलकुट व तिल के लड्डू को खाया जाता है।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव व सामरी विधायक चिन्तामणी महाराज, सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष  बृहस्पत सिंह, अपेक्स बैंक के संचालक अजय बंसल, कलेक्टर बलरामपुर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
जिला प्रतिनिधि बलरामपुर