गाय भैंसों में लम्पी त्वचा रोग पर लगातार सतर्कता जारी, लम्पी त्वचा रोग के रोकथाम के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त…..

 

 

शमरोज खान सूरजपुर

सूरजपुर/ कलेक्टर सुश्री इफ्फत आरा के निर्देश एवं पशुधन विकास विभाग उपसंचालक डॉ. नरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में गाय एवं भैसों में (एल.एस.डी.) लम्पी रोग के फैलाव को नियंत्रण, बचाव एवं रोकथाम हेतु जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसमें डॉ. ममता शर्मा, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, जिला नोड़ल अधिकारी एवं डॉ. आशुतोष चौबे, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, सहायक नोड़ल अधिकारी बनाया गया है। विकासखण्ड़ स्तर पर विकासखण्ड़ सूरजपुर हेतु डॉ. विवेक प्रसाद गुप्ता, भैयाथान हेतु डॉ. चन्द्रकान्त सिंह पैकरा, ओड़गी हेतु डॉ. के.एम. यादव, प्रतापपुर हेतु डॉ. एस.एन. पटेल, रामानुजनगर हेतु डॉ. कृष्ण कुमार कुशवाहा एवं प्रेमनगर हेतु डॉ. डिम्पल पैकरा को नोड़ल अधिकारी नियुक्ति किया गया है।

जिले के विभिन्न विकासखण्ड़ में एल.एस.डी. जागरूकता हेतु निरन्तर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। चूंकि एल.एस.डी. रोग बाह्य परजीवी जैसे मच्छर, मक्खी, किलनी इत्यादि के द्वारा भी फैलता है अतः शिविरों में निःशुल्क पशुओं में किलनी नाशक एवं अन्तपरजीवी नाशक दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। एल.एस.डी. रोग के महत्त्वपूर्ण बचाव का उपाय टीकाकरण है। जिले में गोट पॉक्स टीका द्वारा एल.एस.डी. के रोकथाम हेतु टीकाकरण किया जा रहा है। अभी तक जिले में 8838 पशुओं को एल.एस.डी. टीका लगाया जा चुका है।
जिले के एकमात्र चेक पोस्ट नवाटोला (चांदनी बिहार पुर) में वन विभाग के सहयोग से पशुधन विकास विभाग द्वारा निरन्तर पशुओं के आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है। जिले में लगने वाले सभी पशु बाजार, प्रदर्शनी, क्रय विक्रय पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। चूंकि एल.एस.डी. रोग छ.ग.से लगे हुए मध्यप्रदेश के क्षेत्रों मंे आ चुका है। अतएवं सभी पशुपालकों से आग्रह किया जाता है कि अन्य राज्यों से पशु क्रय न करे एवं किसी भी तरह का एल.एस.डी. संबंधी रोग के लक्षण दिखने पर अपने समीपस्थ पशु चिकित्सालय में तत्काल संपर्क करें।